पाकिस्तान में सत्तारूढ़ गठबंधन के संयुक्त उम्मीदवार और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के सह-अध्यक्ष जरदारी ने महमूद खान अचकजई को भारी मतों के अंतर से हराया, जिसके बाद उन्हें दूसरी बार देश के राष्ट्रपति के रूप में चुना गया। इनका पूरा नाम आसिफ अली जरदारी है,जिन्होंने पाकिस्तान के 14वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ग्रहण की।
पाकिस्तान के प्रधान न्यायाधीश काजी फैज ईसा ने राष्ट्रपति भवन ‘ऐवान-ए-सदर’ में 68 वर्षीय जरदारी को पद की शपथ दिलाई।
![](https://i0.wp.com/indiamitra.com/wp-content/uploads/2024/03/images-147361007214070633187.jpg?resize=739%2C415&ssl=1)
इसके पहले डॉक्टर आरिफ अल्वी राष्ट्रपति थे। जरदारी, डॉ. आरिफ अल्वी की जगह लेंगे जो सितंबर 2023 में अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बावजूद पांच महीने तक पद पर बने रहे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, सेना के तीनों अंगों के प्रमुख, वरिष्ठ अधिकारी और राजनयिक उपस्थित थे।
दूसरी बार पाकिस्तान के बने राष्ट्रपति
यह दूसरी बार है, जब जरदारी ने राष्ट्रपति चुनाव जीता है। इससे पहले, जरदारी वर्ष 2008 से 2013 तक पाकिस्तान के 11वें राष्ट्रपति रहे थे। वह अगस्त 2018 से पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के सदस्य हैं। वर्ष 1955 में जन्मे जरदारी का पालन-पोषण और शिक्षा कराची में हुई। उनकी शादी पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री जुल्फिकार अली भुट्टो की बेटी बेनजीर भुट्टो से हुई थी। बेनजीर की दिसंबर, 2007 में हत्या कर दी गई थी।