उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गोमती नदी पर पेडेस्ट्रियन ब्रिज के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। करीब 54 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 180 मीटर लंबे इस ब्रिज को शासन से मंजूरी मिल गई है। परियोजना को 18 महीने में पूरा किया जाएगा, जिसके लिए पहली किश्त के तौर पर 18.90 करोड़ रुपये की धनराशि भी स्वीकृत कर दी गई है। मुस्कुराइए कि आप लखनऊ में हैं की थीम पर बनने वाला यह ब्रिज शहर को एक नई पहचान देगा।
ये ब्रिज रिवर फ्रंट के दोनों किनारों को जोड़ेगा। ब्रिज की डिजाइन अनूठी और बेहद खास हो, इसके लिए आर्किटेक्ट डिजाइन कॉम्पटीशन आयोजित कराया गया था। इस प्रतियोगिता में देश भर से लगभग 25 आर्किटेक्ट संस्थाओं ने हिस्सा लेते हुए ब्रिज की ड्राइंग-डिजाइन भेजे थे। ज्यूरी पैनल ने मुंबई की संस्था आरवैम्प स्टूडियो की डिजाइन को चयनित किया था, जिसके आधार पर पेडेस्ट्रियन ब्रिज का निर्माण कराया जाएगा
स्माइलिंग थीम पर होगा पेडेस्ट्रियन ब्रिज

ये ब्रिज बनने से गोमती नदी के दायें किनारे पर लोगों की आवाजाही बढ़ेगी और वहां विकसित क्रिकेट स्टेडियम, विवाह स्थल, किड्स प्ले एरिया, एम्फीथिएटर, फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, वॉटर स्पोर्ट्स आदि गतिविधियों की उपयोगिता भी बढ़ेगी। खबरों के मुताबिक नदी पर यह ब्रिज 180 मीटर लंबा होगा। जबकि रैम्प और प्लेटफार्म को मिलाकर इसकी कुल लंबाई 380 मीटर तक होगी। लोग आसानी से चहलकदमी कर सके, इसके लिए ब्रिज की चौड़ाई 12 मीटर रखी जाएगी। ब्रिज के स्ट्रक्चर को संभालने के लिए 13 पिलर्स बनाए जाएंगे।

