Madhya Pradesh:मोहन यादव को मध्यप्रदेश का नया मुख्यमंत्री (Madhya Pradesh New CM) नियुक्त किया गया है। मोहन यादव उज्जैन दक्षिण (Ujjain South) से विधायक हैं तथा वह शिवराज सरकार में मंत्री के पद पर थे। मोहन यादव को आरएसएस (RSS) का बेहद करीबी माना जाता है। मोहन यादव को नेतृत्व करना बहुत अधिक पसंद है। उनके नाम की घोषणा बेहद चौंकाने वाली है।
एमपी के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने काफी संघर्ष के बाद राजनीति में मुकाम हासिल किया है। बतौर छात्र राजनीति से करियर की शुरुआत करने वाले मोहन यादव बीजेपी के स्थापित नेता हैं। उज्जैन संभाग के बड़े नेताओं में उनकी गिनती होती है। मोहन यादव बताते हैं कि राजनीतिक क्षेत्र से उनको बेहद जुड़ाव है।
जाने कौन है मोहन यादव
25 मार्च 1965 को उज्जैन में जन्मे मोहन यादव ने विक्रम यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है। वे भारतीय जनता पार्टी से संबंधित एक भारतीय राजनीतिज्ञ हैं। वह वर्तमान में मध्य प्रदेश के नामित 19वें मुख्यमंत्री के रूप में कार्यरत हैं। वह 2013 से मध्य प्रदेश विधान सभा के सदस्य के रूप में उज्जैन दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा को 163 सीटों के साथ प्रचंड बहुमत मिला है। कांग्रेस को 66 सीटें और 1 सीट भारतीय आदिवासी पार्टी को मिली है। राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम होंगे।