भारत प्रत्येक स्पर्धा में कहीं ना कहीं बेहतर करने का प्रयास करता है। इस वर्ष होने वाली मैथ ओलंपियाड में भारत ने विश्व में सातवीं रैंक हासिल की।110 देशों की प्रतिस्पर्धा के बीच भारत की छह सदस्यीय टीम ने तीन स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीता तथा 252 में से 193 अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया। यह उपलब्धि भारत की गणितीय शिक्षा, प्रतिभा विकास, और ओलंपियाड प्रशिक्षण व्यवस्था की प्रभावशीलता को उजागर करती है।
इस वर्ष होने वाले मैथमेटिक्स ओलंपियाड में भारत ने अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में अपनी प्रगति जारी रखते हुए ऑस्ट्रेलिया के सनशाइन कोस्ट में आयोजित 66वें अंतरराष्ट्रीय गणित ओलंपियाड (IMO) 2025 में सातवां स्थान हासिल किया।
जाने क्या है IMO(International Mathematical Olympiad )….
IMO विश्व का सबसे प्रतिष्ठित पूर्व-विश्वविद्यालय स्तर का गणित प्रतियोगिता है, जिसकी शुरुआत 1959 में हुई थी और इसे प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। यह प्रतियोगिता दो दिनों में छह अत्यंत जटिल समस्याओं के माध्यम से छात्रों की बीजगणित, ज्यामिति, संख्या सिद्धांत, और संयोजन गणित में गहराई से समझ का परीक्षण करती है। प्रत्येक देश अपनी छह सदस्यीय टीम भेजता है, जो कठोर राष्ट्रीय चयन प्रक्रिया के माध्यम से चुनी जाती है।
इस वर्ष से भारत ने लिया मैथमेटिक्स ओलंपियाड में हिस्सा…
भारत ने पहली बार 1989 में IMO में भाग लिया, और इसके लिए चयन एवं प्रशिक्षण की जिम्मेदारी टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च (TIFR) के अधीन होमी भाभा विज्ञान शिक्षा केंद्र (HBCSE) निभाता है।
भारत का प्रदर्शन: IMO 2025 में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन
IMO 2025 में भारत की टीम—कनव तलवार, आरव गुप्ता, अधित्य मंगुडी (स्वर्ण पदक); एबेल जॉर्ज मैथ्यू, आदिश जैन (रजत पदक); और अर्चित मानस (कांस्य पदक)—ने देश के इतिहास का सर्वोच्च कुल स्कोर 193 अंक प्राप्त किया। यह दूसरा मौका है जब भारत ने तीन स्वर्ण पदक जीते (पहली बार 1998 में) और तीसरी बार सातवां स्थान प्राप्त किया (पहले 1998 और 2001 में)। 2024 में भारत ने चार स्वर्ण पदकों के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ स्थान—चौथा—हासिल किया था।